बादशाह के ‘टटीरी’ सॉन्ग पर रील्स बनाने वाले अब नपेंगे: हरियाणा पुलिस ने डिलीट कराए 857 लिंक; सोशल मीडिया अकाउंट भी होंगे ब्लॉक

पंचकूला। बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह के विवादित गाने ‘टटीरी’ पर अब हरियाणा पुलिस ने डिजिटल स्ट्राइक कर दी है। यूट्यूब से गाना हटने के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से इससे जुड़े कुल 857 लिंक हटवा दिए हैं। इनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जो चेतावनी के बावजूद इस गाने को शेयर कर रहे हैं।

महिलाओं के अपमान और अश्लीलता पर एक्शन
1 मार्च को रिलीज हुए इस गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों और दृश्यों पर हरियाणा महिला आयोग और बाल संरक्षण आयोग ने कड़ी आपत्ति जताई थी। आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने इसे महिलाओं को ‘ऑब्जेक्टिफाई’ करने वाला और असभ्य बताया। वहीं, वीडियो में स्कूली छात्राओं को बैग फेंकते और रोडवेज बस के ऊपर स्टंट करते दिखाए जाने पर सामाजिक संगठनों ने भी भारी विरोध दर्ज कराया था।

DGP की चेतावनी: ‘बर्दाश्त नहीं होगा आपत्तिजनक कंटेंट’
हरियाणा के DGP अजय सिंघल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कर दिया है कि महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के खिलाफ किसी भी तरह के कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक शिबास कविराज ने रील क्रिएटर्स को चेतावनी दी है कि जो भी इस गाने पर रील या शॉर्ट वीडियो बनाएगा, उसके खिलाफ केस दर्ज कर अकाउंट ब्लॉक किया जाएगा। बार-बार उल्लंघन करने वालों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

विवाद की 3 बड़ी वजहें:
अभद्र भाषा: गाने के बोल में महिलाओं के लिए अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग।

बिना अनुमति शूटिंग: जींद रोडवेज बस और नरवाना के सरकारी स्कूल का उपयोग बिना आधिकारिक अनुमति के किया गया।

गलत संदेश: स्कूल ड्रेस में बच्चों को हुड़दंग मचाते और जोखिम भरे स्टंट करते दिखाया गया।

बादशाह को हाईकोर्ट से मिली राहत
बता दें कि इस विवाद को लेकर बादशाह पर हरियाणा में 3 केस दर्ज हुए हैं और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस (LOC) भी जारी किया गया था। हालांकि, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है।

कोर्ट ने शर्त रखी है कि सिंगर को जांच में पूरा सहयोग करना होगा। विवाद बढ़ता देख बादशाह ने माफी मांगते हुए कहा था, “मैं हरियाणा का बेटा हूं, अगर कुछ गलत लगा हो तो माफ कर दो।”

3 साल पहले सिमरन ने गाया था मूल गीत

इस गाने में फीमेल आवाज कैथल की सिमरन जागलान की है। सिमरन ने करीब 3 साल पहले इस गाने को गाया था, जिसे बादशाह ने नए अंदाज में रिकॉर्ड कर रिलीज किया था। विवाद के चलते मुंबई में होने वाला बादशाह और सिमरन का शो भी कैंसिल कर दिया गया है।

Exit mobile version