बजट सत्र का तीसरा दिन: इकोनॉमिक सर्वे पर चर्चा संभव, 1 फरवरी को पेश होगा बजट

दिल्ली। संसद के बजट सत्र का शुक्रवार को तीसरा दिन है। आज दोनों सदनों में इकोनॉमिक सर्वे पर चर्चा हो सकती है। गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में इकोनॉमिक सर्वे पेश किया था। इसमें बताया गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 में देश की GDP ग्रोथ 6.8% से 7.2% के बीच रह सकती है।
इकोनॉमिक सर्वे में आर्थिक हालात, महंगाई, रोजगार, निवेश और इंडस्ट्री ग्रोथ जैसे अहम बिंदुओं का विश्लेषण किया गया है। माना जा रहा है कि आज विपक्ष सरकार से महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांग सकता है, वहीं सत्ता पक्ष सर्वे के आंकड़ों के आधार पर अपनी नीतियों को सही ठहराने की कोशिश करेगा।
बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल तक चलेगा। इसे दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा 28 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा हिस्सा 9 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा। इस दौरान संसद की कुल 30 बैठकें होंगी। 28 जनवरी और 1 फरवरी को शून्यकाल नहीं रखा गया है।
अब सभी की नजरें 1 फरवरी पर टिकी हैं, जब केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा। बजट में आम आदमी को राहत, टैक्स में बदलाव, किसानों के लिए घोषणाएं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस रहने की उम्मीद है।
बजट सत्र में दूसरे दिन पीएम ने मीडिया को किया था संबोधित
गुरुवार को बजट सत्र के दूसरे दिन प्रधानमंत्री ने संसद के बाहर मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की पहचान “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” रही है और अब देश “रिफॉर्म एक्सप्रेस” पर आगे बढ़ रहा है। पीएम ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए आने वाले 25 साल को बेहद अहम बताया।





