
रायगढ़। डिप्टी रेंजर संजय तिवारी की मौत हादसे में नहीं बल्कि उनकी हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्या मामले में बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जिसने डिप्टी रेंजर को बोलेरो से कुचलकर मार डालने की बात कबूल की है। पुरानी रंजिश की वजह से आरोपी ने डिप्टी रेंजर की हत्या की। मामला थाना धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत का है।
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार दोपहर की है। धरमजयगढ़ मेन रोड कृषि मंडी के पास एक बाइक को बोलेरो ने टक्कर मार दी थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी (53) संजय तिवारी पिता गोकुल प्रसाद तिवारी सड़क पर गंभीर हालत में पड़े हुए थे। उनके सिर पर गंभीर चोंटे आई थी। तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच उपरांत डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला हादसा प्रतीत हो रहा था। लेकिन जब पुलिस ने कृषि उपज मंडी के किनारे लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पुलिस को मामला समझने में देर न लगी।
उन्होंने वाहन नंबर के जरिए बोलेरो मालिक की पूरी डिटेल निकलवाई। और तत्काल वाहन चालक बसंत कुमार यादव के घर में दबिश दिया। जिसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई। तब उसने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते उसने डिप्टी रेंजर की हत्या की। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि मैं बोलेरा से नागदरहा जा रहा था। उसी समय मेरी नजर मोटरसाइकिल से जा रहे संजय तिवारी पर पड़ी, जो कि धरमजयगढ़ की ओर से आ रहा था। तुरंत उसने बोलेरो को मोड़ लिया और संजय तिवारी का पीछा करने लगा। कुछ दूर में जाकर उसने बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। इस टक्कर से संजय तिवारी सड़क पर गिर गए।
तब आरोपी ने बोलेरो में लगे साइड मिरर से देखा कि संजय तिवारी को ज्यादा चोंटे नहीं लगी है, तुरंत उसने वाहन को बैक किया औक संजय तिवारी को पीछे से ठोकर मारा। इस ठोकर से संजय को काफी चोंटे आई। फिर मौके से वह फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 304 ए आईपीसी हटाकर धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया। प्रयुक्त बोलेरो वाहन के दस्तावेज प्राप्त किए गए हैं। आरोपी को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।