डोंगरगढ़ में रहवासी इलाके में तेंदुआ दिखने से हड़कंप, रेस्क्यू में जुटा वन विभाग

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर में शनिवार दोपहर एक तेंदुए को खुलेआम पहाड़ की ढलानों पर घूमते देखा गया। यह दृश्य सुदर्शन पहाड़ के पास का था, जो अब शहर से काफी नजदीक है। पहले तो लोगों को लगा कि यह कोई अफवाह है, लेकिन जब फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, तब स्थिति साफ हो गई।
तेंदुआ उस इलाके में देखा गया जहां सरकारी कॉलोनियां, अफसरों के मकान और आम लोगों की बस्तियां हैं। इसकी खबर मिलते ही वन विभाग ने इलाके को घेर लिया और पिंजरे लगाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि तेंदुआ अब तक पकड़ से बाहर है और लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
सुदर्शन पहाड़ कभी घना जंगल हुआ करता था, लेकिन अब यहां विकास कार्यों के चलते कॉलोनियां, सड़कें और स्ट्रीट लाइट्स आ गई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह तेंदुआ नया नहीं है। पहले यह पहाड़ी क्षेत्र वन्यजीवों के लिए सुरक्षित था, लेकिन अब इंसानों की गतिविधियों के चलते जानवरों का शहर से सामना होना आम होता जा रहा है।
वन्यजीव प्रेमियों के मुताबिक तेंदुए की मौजूदगी पहले भी दर्ज की गई है, लेकिन अब इंसानों की बढ़ती आबादी और जंगल के सीमित होते क्षेत्र के कारण ये घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल वन विभाग पिंजरे लगाकर और गश्त करके तेंदुए को पकड़ने की कोशिश कर रहा है। विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन लोग सतर्क हैं और बच्चों को बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।