Raipur: मैं छत से कूदकर जान दे दूंगा… पत्नी ने कहा- कूद जाओ…फिर मंत्रालय कर्मचारी ने 4 मंजिला इमारत से लगा दी छलांग, मौत

रायपुर। मंत्रालय कर्मचारी ने 4 मंजिला इमारत की छत से नीचे कूदकर जान दे दी। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक ने पारिवारिक विवाद में ये कदम उठाया है। मृतक का नाम ओमप्रकाश (33) हैं. जो अपने परिवार के साथ सेक्टर 27 में बने फ्लैट में रहता था. मूलतः कोरबा का रहने वाला था। ओमप्रकाश रायपुर के मंत्रालय में पीएचई विभाग में सहायक ग्रेड 3 के पद पर काम कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक करीब 4 साल पहले उसकी शादी हुई थी। तब से वह रायपुर में ही अपनी पत्नी के साथ रह रहा था ।रविवार की रात करीब 1 घंटे से दोनों के बीच विवाद हो रहा था। घर के आसपास के लोगों ने भी झगड़े की आवाज सुनी। कमरे से बाहर आकर ओमप्रकाश ने कहा कि मैं छत से कूदकर जान दे दूंगा। गुस्से में ओमप्रकाश की पत्नी ने भी कह दिया जाओ जाकर कूद जाओ।
भागते हुए छत पर गया ओमप्रकाश
भागते हुए ओमप्रकाश छत की ओर गया और सीधे छलांग लगा दी। पत्नी भी हड़बड़ा कर छत पर गई। जब उसने देखा कि ओमप्रकाश नीचे पड़ा है। उसने चिलाना शुरु कर दिया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। फिर इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में ओमप्रकाश को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अब सोमवार को ओमप्रकाश का पोस्टमार्टम कर उसका शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।