हिसार। हिसार रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है।
जयपुर से लुधियाना जा रहे एक परिवार के सोते ही अज्ञात चोर ने एसी कोच में उनके ट्रॉली बैग से करीब ₹3.06 लाख की कीमत के सोने के जेवर पार कर दिए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर जीआरपी (GRP) हिसार ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसी कोच (B2) में हुई वारदात
जयपुर के मालवीय नगर निवासी अंकुश जैन अपने परिवार के साथ ट्रेन नंबर 19613 जयपुर-अमृतसर एक्सप्रेस के कोच B2 में सफर कर रहे थे। वे लुधियाना जा रहे थे।
एफआईआर के मुताबिक, 9 मार्च की रात करीब 3:15 बजे जब ट्रेन हिसार स्टेशन के नजदीक थी और परिवार गहरी नींद में था, तभी चोर ने मौका पाकर ट्रॉली बैग में रखे जेवरों के डिब्बे उड़ा लिए।
संदिग्ध युवक पर जताया शक
अंकुश जैन ने पुलिस को बताया कि हिसार स्टेशन पर एक संदिग्ध युवक उनके बैग की तरफ लगातार नजरें गड़ाए हुए था। परिवार को चोरी का पता तब चला जब वे लुधियाना पहुंचकर घर पहुंचे और बैग खोला।
बैग के अंदर रखे जेवरों के डिब्बे पूरी तरह खाली मिले। पीड़ित ने उसी संदिग्ध युवक पर वारदात को अंजाम देने का शक जताया है। आरोपियों ने सोने की चेन, झुमके, नथ, सहित तीन लाख से ज्यादा का सामान चाेरी कर लिया।
पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच
हिसार जीआरपी ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई विकास कुमार ने बताया कि हिसार रेलवे स्टेशन और ट्रेन के रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके। हिसार रेल मार्ग पर पिछले कुछ दिनों में एसी कोच में चोरी की घटनाएं बढ़ने से यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
