ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

युवक के सिर से गुजरे हाईवा के पहिए, सड़क पर बिखर गया भेजा; टुकड़ों को कपड़े में लपेटकर ले गई पुलिस

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक के सिर के ऊपर से हाईवा का पहिया गुजर गया, जिससे उसका भेजा बाहर आ गया और सड़क पर सिर के टुकड़े बिखर गए। पुलिस ने सड़क पर पड़े सिर के हिस्सों को कपड़े में लपेटकर कब्जे में लिया। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान दीपक मानिकपुरी (38) के रूप में हुई है, जो गांधीनगर के मुक्तिपारा का रहने वाला था। उसके साथ बाइक पर उसका दोस्त रवि मौजूद था। बताया जा रहा है कि बाइक रवि चला रहा था और वह शराब के नशे में धुत था। हादसे में रवि भी घायल हुआ है। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है।

दरअसल, शनिवार 24 जनवरी की रात करीब 9 बजे दीपक मानिकपुरी अपने दोस्त रवि के साथ बाइक से मणिपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वे बिलासपुर चौक के पास पहुंचे, पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दीपक हाईवा के नीचे आ गया और उसके सिर के ऊपर से पहिया गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। वहीं घायल रवि नशे की हालत में था, जिसे गुस्साए स्थानीय लोगों ने पीट दिया। बाद में पुलिस ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव सड़क पर पड़ा था और सिर के टुकड़े इधर-उधर फैले हुए थे। पुलिस ने शव और सिर के हिस्सों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रोते-बिलखते नजर आए।

CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि हाईवा की रफ्तार काफी तेज थी और बाइक भी लापरवाही से चलाई जा रही थी। मणिपुर पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक और वाहन की तलाश जारी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button