StateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर के सुनसान कॉलोनियों में चोरी करने वाला चोर पकड़ाया: 4 घरों में दिया वारदात को अंजाम, 4 लाख का माल बरामद

रायपुर। रायपुर पुलिस ने सुनसान कॉलोनियों में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, चोरी की गई एक दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी पहले भी चोरी के दर्जनों मामलों में जेल जा चुका है। यह कार्रवाई थाना डीडीनगर क्षेत्र में की गई।

दरअसल, डीडीनगर इलाके की कई आवासीय कॉलोनियों में सुनसान मकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। लोग घर बंद कर बाहर जाते ही चोर ताले तोड़कर अंदर घुस रहे थे। बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और इलाके में निगरानी बढ़ाई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने रात में गश्त बढ़ाई, घटनास्थलों का मुआयना किया और पीड़ितों से पूछताछ कर जरूरी सबूत जुटाए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी का नाम सिद्धार्थ सिंह उर्फ सिद्धू है, जो पहले भी कई चोरी मामलों में जेल जा चुका है।

4 घर और 1 बाइक चोरी का खुलासा
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदातें कबूल कीं। उसकी निशानदेही पर 4 घरों में चोरी और 1 बाइक चोरी के मामलों का खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ चोरी की गई बाइक से घूम-घूमकर कॉलोनियों में वारदात करता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के जेवरात, नकदी, दोपहिया वाहन, मोबाइल और एटीएम कार्ड जब्त किया है। वहीं आरोपी का एक साथी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button