आग उगल रहा सूरज: रायपुर-दुर्ग समेत कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट

रायपुर। रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर मध्य छत्तीसगढ़ में गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है, जहां दोपहर के समय हालात बेहद कठिन हो गए हैं।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, प्रदेश में अलग-अलग स्तरों पर मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जबकि एक द्रोणिका कर्नाटक से कोमोरिन क्षेत्र तक फैली है। इसके साथ ही महाराष्ट्र क्षेत्र में प्रति चक्रवात सक्रिय है, जिससे गर्म और शुष्क हवाएं प्रदेश को प्रभावित कर रही हैं।

हालांकि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं के कारण बस्तर संभाग में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कहीं-कहीं अंधड़ और वज्रपात के भी आसार हैं, लेकिन तापमान में खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। राजधानी रायपुर में आज भी लू चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, रायपुर, बलौदा बाजार, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version