स्टूडेंट ने महिला टीचर को थप्पड़ मारा: देर से आने पर टोका था; बोला– मुझसे सवाल करने वाली तुम होती कौन हो

गुजरात। गुजरात के पंचमहल जिले से शिक्षक–छात्र संबंधों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 12वीं के एक छात्र ने परीक्षा के दौरान महिला टीचर को क्लासरूम में थप्पड़ मार दिया।
घटना 24 जनवरी को शेरा कस्बे के एस.जे. डेव हाई स्कूल में हुई, जिसका CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। इसके बाद 3 फरवरी को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र दूसरी प्रीलिम परीक्षा देने देर से पहुंचा था। ड्यूटी पर तैनात महिला इन्विजिलेटर ने जब उससे देरी का कारण पूछा, तो वह भड़क गया। छात्र ने कहा, “घर में मुझसे कोई कुछ नहीं पूछता, आप कौन होती हैं सवाल करने वाली।” इसके बाद क्लासरूम के गेट पर दोनों के बीच बहस हुई।
CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि गुस्से में छात्र ने महिला टीचर के गाल पर थप्पड़ मारा और उन्हें जोर से धक्का दे दिया। घटना के बाद कक्षा में अफरा-तफरी मच गई और अन्य छात्र अपनी सीट से उठकर वहां पहुंच गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बावजूद अन्य छात्रों ने परीक्षा पूरी की।
वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में नाराजगी फैल गई। पुलिस का कहना है कि उसी दिन आरोपी छात्र के पिता ने स्कूल पहुंचकर टीचर और प्रभारी प्रिंसिपल से माफी मांगी थी।
हालांकि, 27 जनवरी को छात्र अपने पिता और 15–20 लोगों के साथ दोबारा स्कूल पहुंचा और टीचर को धमकाने का आरोप भी लगा।
पुलिस इंस्पेक्टर अंकुर चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी घटना का रिकंस्ट्रक्शन कराया गया। आरोपी 18 वर्षीय छात्र मोहम्मद खान अंसारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। मामले की आगे जांच जारी है।



