ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

साय सरकार किसानों से धान खरीदेगी अब 6 फरवरी तक

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी व्यवस्था में महत्वपूर्ण राहत दी है।

इसके तहत प्रदेश में तीन श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस 05 और 06 फरवरी 2026 तक खरीदी की अनुमति प्रदान की गई है, ताकि कोई भी पात्र किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रह जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिन किसानों को इस अतिरिक्त अवधि का लाभ मिलेगा, उनमें वे किसान शामिल हैं जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका सत्यापन नहीं हो पाया था।

इसके अलावा ऐसे किसान भी इस श्रेणी में आएंगे, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद आवेदन किया और सत्यापन के बाद उनके पास धान उपलब्ध पाया गया है।

वहीं तीसरी श्रेणी में वे किसान शामिल हैं, जिन्हें 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान का विक्रय नहीं कर सके थे।

किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को खरीदी केंद्रों पर बारदाना और हमालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। इससे खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।

राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित, पारदर्शी और समयबद्ध विक्रय के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का उद्देश्य है कि हर किसान को उसकी मेहनत का उचित मूल्य समय पर मिल सके।

Related Articles

Back to top button