ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रदेशवासियों के सपनों को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम “छत्तीसगढ़ 25 साल बेमिसाल” में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने राज्य की 25 वर्ष की स्वर्णिम विकास यात्रा पर चर्चा की और कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सपनों को साकार करने के लिए राज्य सरकार की पूर्ण प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बस्तर और अन्य क्षेत्रों में विकास में बाधक नक्सलवाद के उन्मूलन के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं। सुरक्षा कैंपों की स्थापना से दूरदराज और दुर्गम इलाकों में भी विकास की पहुँच सुनिश्चित हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में किए जा रहे प्रयासों से बस्तर अब भयमुक्त होकर प्रदेश के विकास में बेहतर योगदान देगा। उन्होंने बस्तर ओलम्पिक और पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र की संस्कृति और प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उजागर किया।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को भी दोहराया और कहा कि पूर्व में हुई अनियमितताओं पर कड़ा प्रहार किया गया है। उन्होंने गरीब परिवारों को अनाज और आवास उपलब्ध कराने जैसे सामाजिक कल्याण प्रयासों का उल्लेख किया। तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए ‘चरण पादुका योजना’ को पुनः प्रारंभ करना भी सरकार की प्राथमिकता रही है।

नवीन उद्योग नीति के तहत प्रदेश में निवेश लगातार बढ़ रहा है। अब तक राज्य सरकार को 8 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिससे रोजगार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार पंकज झा, प्रेस अधिकारी अलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार की यह प्रतिबद्धता प्रदेश को समृद्धि, शांति और खुशहाली के पथ पर लगातार आगे ले जाएगी।

Related Articles

Back to top button