स्कूल में प्रिंसिपल ने महिला टीचर और कर्मचारी से की छेड़छाड़, कहा – ‘किसे KISS करूं, किसे I LOVE YOU’; दरवाजा बंद कर अश्लील हरकत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल सुधीर कुमार बरला (52) पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। महिलाओं ने बताया कि प्राचार्य स्कूल में अकेली देखकर उनसे छेड़छाड़ और अश्लील कमेंट किया करता था। उन्होंने कहा कि प्राचार्य उनसे अक्सर पूछते थे कि “किसे किस करूं, किसे विस करूं और किसे आई लव यू कहूं।”
जानकारी के अनुसार, यह घटना 15 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल बिमड़ा में हुई। स्कूल की छुट्टी के बाद जब अधिकांश स्टाफ घर लौट चुका था, महिला कर्मचारी कमरे का दरवाजा बंद करने गई, तभी प्राचार्य ने भीतर से दरवाजा बंद कर अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उन्होंने महिला को धमकी भी दी।
पीड़ितों ने बताया कि प्राचार्य लंबे समय से उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। उन्होंने बिना कारण फोन किए, अश्लील बातचीत की और स्कूल में अकेली देखकर अशोभनीय हरकतें की। महिला व्याख्याता ने बताया कि पिछले साल बाल दिवस के दिन भी प्राचार्य ने उनसे छेड़छाड़ की कोशिश की थी। लोकलाज और भय की वजह से महिलाएं लंबे समय तक इस घटना को छिपाए रखीं, लेकिन मानसिक पीड़ा बढ़ने पर उन्होंने स्टाफ मीटिंग में इसे साझा किया और फिर बगीचा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने प्राचार्य के खिलाफ 2 अलग-अलग FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बीएनएस की धारा 74, 75(1)(iv) और 79 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर ने इस घटना को गंभीर और निंदनीय बताते हुए संभागीय आयुक्त को विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है और आगे की जांच जारी है।