आईटीएमएस कमांड सेंटर का पुलिस कमिश्नर ने किया निरीक्षण: कैमरों से ही बनेंगे 100% ई-चालान, जुर्माना नहीं भरा तो सेवाएं होंगी बाधित

रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को और सख्त व पारदर्शी बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जयस्तंभ चौक में स्थापित आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया।

उन्होंने यहां ई-चालान बनने की प्रक्रिया, कैमरा मॉनिटरिंग सिस्टम और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझा। निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए कि कमिश्नरेट क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कैमरों के माध्यम से ही शत प्रतिशत ई-चालान तैयार किए जाएं।

ई-चालान बनने के बाद संबंधित वाहन चालक/स्वामी को मोबाइल पर टेक्स्ट मैसेज और व्हाट्सएप संदेश के जरिए तत्काल सूचना भेजी जाए। डॉ. शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों द्वारा 90 दिन की निर्धारित अवधि में ई-चालान की जुर्माना राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, उन्हें नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय भेजा जाए।

साथ ही परिवहन विभाग से समन्वय बनाकर ऐसे वाहन व वाहन स्वामी की लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, नामांतरण सहित अन्य परिवहन सेवाओं को रोका जाए। इसके अलावा बीमा और प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र के अद्यतन संबंधी सेवाएं भी भुगतान तक बाधित रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे ई-चालान भुगतान प्रतिशत बढ़ेगा और शहर में अनुशासन स्थापित होगा।

पुलिस कमिश्नर ने मौके पर मैन्युअल चालान की प्रक्रिया को कम करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-चालान डिवाइस का उपयोग कर उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो लेकर आईटीएमएस सिस्टम में भेजें, जिससे कार्रवाई पारदर्शी रहेगी और विवाद से बचा जा सकेगा।

गंभीर उल्लंघन जैसे नशे में वाहन चलाने पर मौके पर एल्कोमीटर जांच कर कोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एल एंड टी कंपनी के मैनेजर दीपक मालवीय को बंद सिग्नल व कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। मौके पर गुरजीत सिंह, सतीश ठाकुर, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सहित यातायात स्टाफ मौजूद रहा।

Exit mobile version