स्वामी डॉ. रामविलासदास वेदान्ती जी का देवलोकगमन सनातन समाज के लिए अपूरणीय क्षति: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रामभक्ति की अमर प्रतिमूर्ति, श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी स्तंभ, पूर्व लोकसभा सांसद एवं संत परंपरा के महान प्रतिनिधि परम पूज्य स्वामी डॉ. रामविलासदास वेदान्ती जी के देवलोकगमन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे सनातन समाज, रामभक्तों और राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वामी डॉ. रामविलासदास वेदान्ती जी ने अपना संपूर्ण जीवन श्रीराम के काज, धर्म-संरक्षण और लोककल्याण को समर्पित कर दिया। उनका तपस्वी जीवन, स्पष्ट वैचारिक दृष्टि और निर्भीक राष्ट्रवादी चिंतन समाज को सदैव दिशा देता रहेगा। वे केवल एक संत ही नहीं, बल्कि राष्ट्रचेतना के जाग्रत प्रहरी थे, जिन्होंने अपने विचारों और आचरण से समाज को जागरूक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में स्वामी वेदान्ती जी का योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा है। उनके संघर्ष, त्याग और संकल्प ने इस आंदोलन को वैचारिक मजबूती प्रदान की। उन्होंने यह सिद्ध किया कि संत परंपरा साधना तक सीमित नहीं होती, बल्कि राष्ट्र और समाज के उत्थान की सशक्त शक्ति भी होती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वामी वेदान्ती जी का ओजस्वी व्यक्तित्व, धर्म के प्रति अटूट निष्ठा और लोकहित के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके द्वारा स्थापित आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों की विरासत सदैव जीवंत रहेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिवंगत संत के श्रीचरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल अनुयायियों व श्रद्धालुओं को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।





