संस्था ने बांटे उपहार, मिठाई-फटाके; बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी

रायपुर। दीपावली का पर्व पूरे प्रदेश में उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में दुर्गा प्रसाद प्रेमा मिश्रा स्मृति सेवा संस्थान ने जरूरतमंद बच्चों के बीच खुशियां बांटकर त्योहार को और खास बना दिया। संस्था के सदस्यों ने बच्चों को उपहार, फटाके और मिठाई वितरित की। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने लायक था। उन्होंने दीप जलाए, गीत गाए और इस त्योहार को अपने अंदाज में मनाया।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सृजन मिश्रा, महिला विंग अध्यक्ष अंकिता मिश्रा, उपाध्यक्ष गौरव मिश्रा, कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, सदस्य नितेश बारबुदे सहित संस्था के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने देशवासियों को दीपावली और आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। संस्था ने यह संदेश दिया कि खुशियां तभी पूरी होती हैं जब समाज के हर वर्ग के साथ उन्हें साझा किया जाए।
संस्था के अध्यक्ष सृजन मिश्रा ने कहा, “हमारी संस्था कई वर्षों से जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य है कि हर बच्चे तक खुशियां और अवसर पहुंचें, ताकि वे भी समाज का अभिन्न हिस्सा बन सकें।” उन्होंने बताया कि आगे भी संस्था इस दिशा में जनसहयोग के साथ कार्य करती रहेगी।