मानसून में भी जारी रहेगा सुरक्षा बलों का ऑपरेशन: IG सुंदरराज पी.

बस्तर। बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बस्तर आईजी सुंदरराज पी. के निर्देशन में आयोजित हुई, जिसमें संभाग के विभिन्न जिलों के अधिकारियों और डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों की रणनीति तय करना था। इस मौके पर बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने जानकारी दी कि बस्तर क्षेत्र में सीपीआई (माओवादी) संगठन पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में इस अभियान को और भी तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मानसून काल में नक्सली गतिविधियों को नियंत्रित करने और संगठन को कमजोर करने की दिशा में सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं। बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी जिलों में अभियान को स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार लागू किया जाएगा।
आईजी सुंदरराज ने स्पष्ट कहा कि सरकार और सुरक्षा बलों का लक्ष्य बस्तर को नक्सलवाद से पूर्ण रूप से मुक्त कराना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बस्तर की पहचान शांति, विकास और सकारात्मक बदलावों के लिए होगी।