ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में आयोजित होगा प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव, 27-28 मार्च को जुटेंगे दुनिया भर के छत्तीसगढ़ी

रायपुर। प्रदेश के विकास में प्रवासी छत्तीसगढ़ियों की सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से 27 और 28 मार्च को राजधानी रायपुर में “प्रवासी छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव” का आयोजन किया जाएगा।

यह दो दिवसीय कॉन्क्लेव नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (North America Chhattisgarh Association–NACHA) तथा छत्तीसगढ़ एनआरआई संघ (NRI Association of Chhattisgarh) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

कॉन्क्लेव में भारत से बाहर विभिन्न देशों में निवासरत छत्तीसगढ़ के रहवासी शामिल होंगे। इसके लिए पंजीयन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रवासी छत्तीसगढ़ियों को राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाएं, रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग विकास और स्टार्टअप जैसे विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही प्रवासी छत्तीसगढ़ियों के अनुभव, ज्ञान और संसाधनों के माध्यम से राज्य के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़ी प्रदेश की अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों में कार्यरत छत्तीसगढ़ी नागरिक अपने ज्ञान, अनुभव और निवेश से राज्य के विकास को नई गति दे सकते हैं। सरकार चाहती है कि वे औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Related Articles

Back to top button