छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 21 जनवरी को, कई नीतिगत प्रस्तावों पर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की अगली मंत्रिपरिषद बैठक 21 जनवरी को आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में यह महत्वपूर्ण बैठक सुबह 11 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय के महानदी भवन में होगी। नए साल में यह सरकार की पहली कैबिनेट बैठक होगी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई अहम विषयों और नीतिगत प्रस्तावों पर गहन चर्चा की संभावना है। अलग-अलग विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के बाद सरकार कई बड़े फैसले ले सकती है, जिनका सीधा असर आम जनता और विकास कार्यों पर पड़ेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले 31 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में साल की आखिरी कैबिनेट बैठक हुई थी। उस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे, जिनमें उद्योग, परिवहन, कृषि और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े प्रस्ताव शामिल थे। इन फैसलों को सरकार की विकासोन्मुखी नीति के तौर पर देखा गया।
पिछली बैठक में रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में 20 जनवरी से 5 फरवरी तक आयोजित होने वाले 9वें ऑटो एक्सपो के दौरान बिकने वाले वाहनों पर लाइफटाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट देने का फैसला लिया गया था। इस निर्णय से वाहन खरीदारों को बड़ी राहत मिलने के साथ ही ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा मंत्रिपरिषद ने कस्टम मिलिंग के लिए धान उपार्जन और परिवहन से जुड़ी गतिविधियों में राइस मिलर्स द्वारा दी जाने वाली बैंक गारंटी पर लगने वाले स्टाम्प शुल्क को 0.25 प्रतिशत से घटाकर 0.05 प्रतिशत करने की मंजूरी दी थी, जिससे मिलर्स को आर्थिक राहत मिली है।
बैठक में रायपुर महानगरीय पुलिस जिले में 23 जनवरी से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू करने का निर्णय भी लिया गया था। साथ ही कोदो, कुटकी और रागी जैसे मोटे अनाज की खरीद, प्रसंस्करण और बिक्री के लिए छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ को कार्यशील पूंजी देने की अनुमति दी गई थी। अब 21 जनवरी की बैठक से भी राज्य के विकास से जुड़े कई अहम फैसलों की उम्मीद की जा रही है।





