शेयर बाजार के लिए अहम होगा नया सप्ताह: रिलायंस-HDFC बैंक के नतीजों समेत 5 फैक्टर्स तय करेंगे बाजार की चाल

दिल्ली। 13 जुलाई से शुरू होने वाला कारोबारी सप्ताह भारतीय शेयर बाजार के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

इस सप्ताह बाजार की दिशा मुख्य रूप से रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, ICICI बैंक, एक्सिस बैंक, विप्रो और HCL टेक समेत 143 कंपनियों के जून तिमाही (Q1) के नतीजों, कच्चे तेल की कीमतों, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और वैश्विक बाजारों के संकेतों से तय होगी।

सबसे ज्यादा नजर बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी। निवेशक केवल मुनाफे और आय के आंकड़ों पर ही नहीं, बल्कि कंपनियों के भविष्य के आउटलुक और मैनेजमेंट की टिप्पणी पर भी फोकस करेंगे।

दूसरा बड़ा फैक्टर कच्चे तेल की कीमतें रहेंगी। अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने के बाद ब्रेंट क्रूड और WTI क्रूड में पिछले सप्ताह क्रमशः 5% और 4% से अधिक की तेजी दर्ज की गई। यदि तेल की कीमतें और बढ़ती हैं, तो इसका असर भारतीय बाजार और महंगाई पर भी पड़ सकता है।

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) और घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की खरीदारी भी बाजार की दिशा तय करेगी। पिछले सप्ताह FIIs ने 4,670 करोड़ रुपये और DIIs ने 8,280 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की, जिससे बाजार को मजबूती मिली।

वैश्विक बाजारों का रुख भी निवेशकों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। पिछले सप्ताह अमेरिकी और एशियाई बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे, जिसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर देखने को मिल सकता है।

तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार, निफ्टी के लिए 24,500-24,550 का स्तर प्रमुख रेजिस्टेंस रहेगा, जबकि 23,900-23,950 का दायरा मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। वेल्थ व्यू एनालिटिक्स के अनुसार 24,382 से 24,685 तक रेजिस्टेंस और 24,125 से 23,466 तक सपोर्ट जोन महत्वपूर्ण रहेंगे।

गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 828 अंक चढ़कर 77,569 और निफ्टी 244 अंक की तेजी के साथ 24,206 पर बंद हुआ था। निवेशकों की नजर अब पूरे सप्ताह आने वाले आर्थिक और कॉर्पोरेट घटनाक्रमों पर रहेगी।

Exit mobile version