नगर निगम ने कब्जा हटाकर घर किया सील; तो गुस्से में महिला ने की आत्मदाह की कोशिश

राजनांदगांव। अटल आवास में बने मकान से हटाए जाने के दौरान महिला ने खुद को आग के हवाले कर लिया। घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला का बयान लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक लखोली में नगर निगम द्वारा अटल आवास का निर्माण किया गया है, लेकिन यहां कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और बिना आवंटन हुए ही रहने लगे हैं। इसी के तहत नगर निगम की टीम गुरुवार को कब्जा हटाने लखोली पहुंची हुई थी। यहां महिला यास्मीन बेगम (49) भी अपने 22 साल के बेटे के साथ रहती है। उस पर भी बिना आवास के आवंटन के ही वहां बने अटल आवास में रहने का आरोप है। नगर निगम की टीम ने उसका मकान सील कर दिया। ये देखकर महिला ने घर के बाहर खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की।
इसी बीच उसने खुद पर पेट्रोल डाल लिया, और पलक झपकते ही आग भी लगा ली। सब कुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को भी कुछ सोचने-समझने का मौका नहीं मिला। आसपास के लोगों ने पहले कपड़े और फिर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।