राजकुमार कॉलेज से नगर निगम ने वसूला डेढ़ करोड़ से ज्यादा का बकाया संपत्तिकर, 14 साल बाद की कार्रवाई

रायपुर। नगर निगम रायपुर ने वर्षों से लंबित बकाया राजस्व की वसूली करते हुए शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राजकुमार कॉलेज से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का संपत्तिकर वसूल किया है।
कॉलेज प्रबंधन द्वारा वर्ष 2012-13 से लेकर 2025-26 तक संपत्ति कर का भुगतान नहीं किया गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम जोन-5 की टीम ने करीब 1 करोड़ 64 लाख रुपये की राशि की वसूली की है।
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि नगर निगम ने पिछले 14 वर्षों तक केवल नोटिस पर नोटिस जारी किए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इस दौरान आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों पर बकाया कर को लेकर तत्काल सीलिंग और सख्ती की जाती रही, जबकि राजकुमार कॉलेज जैसे बड़े संस्थान पर वर्षों तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इस रवैये को लेकर शहर में निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे थे और इसे दोहरे मापदंड का उदाहरण बताया जा रहा था।
लगातार हो रही आलोचना और मीडिया में उठे सवालों के बाद आखिरकार नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को जोन-5 के जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर बकाया संपत्तिकर की वसूली की।
इस पूरी कार्रवाई की नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और उपायुक्त जागृति साहू ने सराहना की है। आयुक्त ने कहा कि यह वसूली न केवल निगम के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देगी, बल्कि अन्य बकायादार संस्थानों के लिए भी एक कड़ा संदेश है कि अब लंबे समय तक टैक्स न भरने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आगे भी बड़े बकायादारों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। शहरवासियों का मानना है कि अगर इस तरह की पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई समय पर होती रहे, तो निगम को राजस्व की कमी नहीं होगी और जनता का भरोसा भी मजबूत होगा।
अब यह देखना होगा कि राजकुमार कॉलेज के बाद किन अन्य बड़े बकायादारों पर नगर निगम की नजर पड़ती है और क्या निगम अपनी सख्ती को सभी के लिए समान रूप से लागू कर पाएगा या नहीं।





