आज रायपुर पहुंचेगा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर, पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

हैदराबाद में 78 साल की उम्र में हुआ निधन; भिलाई-3 और दुर्ग में अंतिम दर्शन के बाद भेण्ड्रा में राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार को रायपुर पहुंचेगा। 78 वर्षीय विधायक का शुक्रवार को हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में निधन हो गया था। वे लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन से भाजपा सहित प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, पार्थिव शरीर विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट लाया जाएगा। यहां श्रद्धांजलि के बाद इसे भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास ले जाया जाएगा। सुबह 11 बजे तक यहां लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

दुर्ग और भिलाई में भी दी जाएगी श्रद्धांजलि

भिलाई-3 से पार्थिव शरीर सुबह 11:30 बजे दुर्ग के जवाहर नगर पहुंचेगा। यहां दोपहर 12:30 बजे तक अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद पार्थिव शरीर बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा के लिए रवाना होगा।

दोपहर करीब 1 बजे पार्थिव देह गांव पहुंचेगी। यहां दोपहर 2 बजे तक लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

स्मृति ईरानी और दोनों डिप्टी CM ने जताया शोक

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने विधायक के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन भाजपा के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने उन्हें जनसेवा, संगठन की मजबूती और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व और संगठन के प्रति निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी।

↑
Exit mobile version