StateNewsदेश - विदेश

मध्य प्रदेश और राजस्थान में पारा 3°C तक गिरा; उत्तराखंड में झरने जमे, हरियाणा-बिहार में सर्दी बढ़ी

दिल्ली। देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। हिमालयी क्षेत्रों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मध्य प्रदेश में शहडोल में पारा 3°C तक पहुंच गया है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में भी ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव और तेजी से दिखेगा।

राजस्थान में भी तापमान गिरा है। राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया। फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 3.7°C तक पहुंचा। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में नदी-नाले और झरने जम गए हैं। केदारनाथ का तापमान -15°C और बद्रीनाथ -13°C तक गिरा है। चमोली और पिथौरागढ़ में पाइपलाइन में पानी जमने की सूचना मिली है। पहाड़ी क्षेत्रों में दिन में हल्की धूप मिलेगी, जबकि रात में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है।

हरियाणा में 4 जिलों में पारा 7°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया। 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से कम रहा। बिहार में सर्दी बढ़ने से पटना में न्यूनतम तापमान 12.6°C दर्ज किया गया, जबकि बक्सर सबसे ठंडा जिला रहा। सर्दी के कारण पटना के सभी स्कूलों का समय बदल दिया गया।

झारखंड के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है और सड़क एवं रेल संचालन पर असर पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने आम नागरिकों को ठंड और धुंध के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान और गिरने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button