प्रदेश में धान खरीदी का महाअभियान तेज, अब तक 22.25 लाख मीट्रिक टन खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान पूरे जोरों पर है। 14 नवंबर से जारी खरीदी अभियान के दौरान 5 दिसंबर की सुबह 10 बजे तक कुल 22 लाख 39 हजार 433 मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा जा चुका है।
अब तक 4 लाख 39 हजार 511 किसान अपना धान बेच चुके हैं। किसानों को खरीदे गए धान के एवज में बैंक लिंकिंग व्यवस्था के माध्यम से 5277 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। इस खरीफ सीजन में 27.30 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया है।
धान खरीदी में महासमुंद जिला सबसे आगे है, जहां 15 लाख 19 हजार 650 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। गरियाबंद 6 लाख 73 हजार 495 क्विंटल के साथ दूसरे और बिलासपुर 6 लाख 73 हजार 65 क्विंटल के साथ तीसरे स्थान पर है। धमतरी, मुंगेली, सूरजपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेतरा, बालोद और कोण्डागांव सहित कई जिलों में खरीदी सुचारू रूप से जारी है।
किसानों की सुविधा के लिए शुरू की गई ‘टोकन तुंहर ऐप’ व्यवस्था बेहद कारगर साबित हो रही है। अब तक 8 लाख 97 हजार 779 टोकन जारी किए जा चुके हैं। 8 दिसंबर के लिए भी 50 हजार 234 टोकन किसानों को उपलब्ध कराए गए हैं।
राज्य के सभी खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। वहीं, सीमावर्ती जिलों में अवैध धान परिवहन व भंडारण रोकने के लिए सख्त निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार, किसानों को समर्थन मूल्य का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकार ने मार्कफेड को 26,200 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी भी उपलब्ध कराई है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। किसान सरकार की नीतियों को सराह रहे हैं और अपने परिश्रम का उचित मूल्य मिलने पर संतोष व्यक्त कर रहे हैं।





