ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्य सचिव ने मंत्रालय महानदी भवन में नवा अंजोर विजन@2047 मॉनिटरिंग पोर्टल की समीक्षा की

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में छत्तीसगढ़ नवा अंजोर विजन@2047 मॉनिटरिंग पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विजन@2047 के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों, संकेतकों (इंडिकेटर्स) और विभागवार प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने सभी विभागीय सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन जानकारी, प्रगति रिपोर्ट तथा लक्ष्यों की उपलब्धि से जुड़ा डेटा समय-समय पर पोर्टल में अनिवार्य रूप से दर्ज करें।

उन्होंने कहा कि यह पोर्टल शासन की योजनाओं की पारदर्शी निगरानी, मूल्यांकन और त्वरित निर्णय प्रक्रिया का सशक्त माध्यम है, जिससे राज्य के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों की प्राप्ति को गति मिलेगी।

श्री विकासशील ने कहा कि नवा अंजोर विजन@2047 के तहत राज्य को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, समयबद्ध क्रियान्वयन और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण आवश्यक है। उन्होंने विभागीय डैशबोर्ड पर नियमित रूप से ऑनलाइन प्रगति की समीक्षा करने तथा निर्धारित इंडिकेटर्स के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर समय-समय पर समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बनेगी।

बैठक के दौरान विजन@2047 के लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हेतु समन्वित एवं परिणामोन्मुख कार्यवाही पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने विभागवार प्रगति की जानकारी साझा की तथा आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की।

अंत में मुख्य सचिव ने सभी विभागों से अपेक्षा जताई कि वे साझा प्रयासों से छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Related Articles

Back to top button