ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बस्तर हेरिटेज मैराथन में ‘जुगाड़’ का खेल: गाड़ी से पहुंचीं फिनिश लाइन, प्राइज मनी रोकी गई

जगदलपुर। जगदलपुर में आयोजित बस्तर हेरिटेज मैराथन-2026 में बड़ा विवाद सामने आया है। 22 मार्च को हुई 42 किलोमीटर की इस मैराथन में दो महिला प्रतिभागियों ने कथित तौर पर दौड़ के दौरान वाहन का सहारा लेकर फिनिश लाइन पार की और विजेता घोषित हो गईं। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनकी प्राइज मनी रोक दी है।

यह मैराथन लालबाग मैदान से चित्रकोट जलप्रपात तक आयोजित की गई थी। लोहंडीगुड़ा की प्रतिभागी प्रमिला मंडावी ने आरोप लगाया कि दूसरे और तीसरे स्थान पर रही नेहा और कौशल्या नेताम ने पूरी दौड़ ईमानदारी से नहीं लगाई, बल्कि बीच में गाड़ी का इस्तेमाल किया।

शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज में साफ दिखा कि दोनों प्रतिभागी दौड़ के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन में बैठकर कुछ दूरी तय करती नजर आईं। इसके बाद फिनिश लाइन से पहले उतरकर दोबारा दौड़ने लगीं, ताकि किसी को शक न हो।

जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन ने दोनों को विजेताओं की सूची से बाहर कर दिया और टॉप-10 की संशोधित सूची जारी की। जिला पंचायत CEO प्रतीक जैन ने बताया कि मामले की पुष्टि होने के बाद दोनों की प्राइज मनी रोक दी गई है। अब वास्तविक रूप से दौड़ पूरी करने वाले प्रतिभागियों को ही पुरस्कार दिया जाएगा।

इस घटना ने न केवल प्रतियोगिता की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आयोजन की निगरानी व्यवस्था पर भी चर्चा शुरू कर दी है। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button