रायपुर में राज्यपाल, बिलासपुर में सीएम साय फहराएंगे तिरंगा

डिप्टी सीएम साव बस्तर तो विजय शर्मा सरगुजा में लेंगे परेड की सलामी, गणतंत्र दिवस को लेकर जिम्मेदारियां तय
रायपुर। छत्तीसगढ़ में 76वें गणतंत्र दिवस को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्य सरकार ने 26 जनवरी 2026 को होने वाले मुख्य समारोहों के लिए राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्रियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में राज्यपाल श्री रमेन डेका राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस वर्ष बिलासपुर जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे। वे पुलिस मैदान बिलासपुर में तिरंगा फहराकर परेड की सलामी लेंगे।
यह अवसर ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद मुख्यमंत्री साय प्रदेश के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे, जो गणतंत्र दिवस पर बिलासपुर में ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले राज्य के पहले मुख्यमंत्री स्व. अजीत जोगी ने वर्ष 2001 से 2003 तक लगातार तीन वर्षों तक बिलासपुर में ही गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव को बस्तर जिला मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे वहां ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सरगुजा जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
राज्य सरकार के अनुसार, जिला मुख्यालयों और विकासखंड स्तर पर भी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किए जाएंगे। इन समारोहों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां और शासकीय योजनाओं पर आधारित प्रस्तुतियां भी होंगी। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि समारोह शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
सरकार का कहना है कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान प्रकट करने का दिन है, जिसे पूरे प्रदेश में एकजुटता और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया जाएगा।





