सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध: सीएम साय

रायपुर। सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से हुआ।
मुख्यमंत्री साय ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महानदी तट पर स्थित सिरपुर छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान है।
उन्होंने बताया कि आज जिले को लगभग 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे सड़क, पुल, पेयजल, पर्यटन एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिरपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत आधुनिक सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पर्यटक सुविधा केंद्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
उन्होंने सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यह गौरवशाली विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिरपुर में मलेशिया, कोरिया और जापान के बौद्ध विचारक पधारे हैं। उन्होंने कहा कि सिरपुर सनातन, बौद्ध और जैन संस्कृति का अद्भुत संगम है तथा इसे विश्व धरोहरों में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अंचल के विकास के लिए सिरपुर बैराज की स्वीकृति भी जल्द होगी।





