संतों की कृपा और जनता के विश्वास से ही संभव हुआ सुशासन का दीपोत्सव: सीएम साय

रायपुर। दीपावली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 अक्टूबर को रायगढ़ जिले के लैलूंगा तहसील के ग्राम भुईयांपानी पहुँचे। उन्होंने यहाँ गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया और अपने आराध्य संत स्वामी धनपति पंडा एवं प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामनाएं की।
मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव पर कहा कि यह पर्व हर घर में उजियारा और हर जीवन में प्रेम, शांति एवं समृद्धि का प्रकाश फैलाए। उन्होंने बताया कि संतों और जनता के आशीर्वाद से ही एक किसान का बेटा मुख्यमंत्री बन सका है। सीएम साय ने अपने 22 महीनों के कार्यकाल में प्रधानमंत्री की गारंटी योजनाओं को धरातल पर उतारने और प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता एवं विकास को प्राथमिकता देने का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस, धान खरीदी की सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ और धान का मूल्य 3,100 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा भूमिहीन मजदूर सहायता, तेंदूपत्ता खरीदी 5,500 रुपए प्रति बोरा, रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना जैसी योजनाएँ सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने गुरुधाम में एक करोड़ रुपए की लागत से सर्वसुविधायुक्त भवन, महतारी सदन के लिए 29 लाख रुपए, हाईमास्ट लाइट, तालाब का सौंदर्यीकरण और बोर खनन जैसी कई घोषणाएं भी की।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, संत समाज के अध्यक्ष सहदेव पंडा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।