सुशासन तिहार में साकार हुआ पक्के घर का सपना: CM विष्णुदेव साय ने हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबी

धमतरी। धमतरी में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के दौरान कई जरूरतमंद परिवारों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना पूरा हुआ।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर नए जीवन की सौगात दी। कार्यक्रम में भाटगांव की हितग्राही कुमारी यादव और लता साहू को मुख्यमंत्री के हाथों आवास की चाबी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपना पक्का घर सिर्फ ईंट और सीमेंट का ढांचा नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है और हर पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

हितग्राही कुमारी यादव ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा था। बरसात के दिनों में घर की छत टपकती थी और दीवारों के कमजोर होने से हमेशा डर बना रहता था। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। अब पक्का घर मिलने से परिवार खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है और बच्चों के भविष्य को लेकर नई उम्मीद जगी है।

वहीं लता साहू ने कहा कि पहले हर मौसम चिंता लेकर आता था, लेकिन अब पक्का घर मिलने के बाद परिवार को सम्मान के साथ जीवन जीने का आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री और सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान देने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के जरिए शासन की योजनाओं को सीधे आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अजय चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Exit mobile version