दिल्ली। प्रयागराज कुंभ मेले से रातों-रात चर्चा में आईं मोनालिसा भोंसले ने फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। कोच्चि (केरल) में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मोनालिसा भावुक हो गईं और उन्होंने अपनी आपबीती साझा की।
मोनालिसा ने आरोप लगाया कि फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उन्हें 10 बार गलत तरीके से छुआ। उन्होंने कहा, “सनोज मिश्रा अच्छा इंसान नहीं है। जब मैंने इस बारे में अपने परिवार को बताया, तो उन्होंने मेरा साथ देने के बजाय यह कहा कि यह तुम्हारी पहली फिल्म है।” मोनालिसा ने कड़ा विरोध जताते हुए सवाल किया कि क्या पहली फिल्म के लिए वह अपना शोषण होने देंगी?
‘लव जिहाद’ और जान से मारने की धमकी
मोनालिसा और उनके पति फरमान खान ने दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। मुख्य आरोप निम्नलिखित हैं:
- विवाह पर विवाद: मोनालिसा ने 11 मार्च 2026 को केरल के एक मंदिर में फरमान के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी।
- सांप्रदायिक रंग: एक्ट्रेस का आरोप है कि डायरेक्टर उनकी शादी को ‘लव जिहाद‘ बताकर समाज में तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
- आतंकवादी बताने का आरोप: फरमान खान ने कहा कि मुस्लिम होने के कारण उन्हें ‘आतंकवादी’ कहकर संबोधित किया जा रहा है और उनके पोस्टर जलाए जा रहे हैं।
सरकार से सुरक्षा की गुहार
मोनालिसा ने केंद्र सरकार के साथ-साथ केरल, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकार से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें और उनके पति को सुरक्षा नहीं मिली या उन्हें अलग करने की कोशिश की गई, तो वे आत्महत्या कर लेंगे।
बता दें कि सनोज मिश्रा ‘गांधीगिरी’ और ‘राम की जन्मभूमि’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इंदौर की रहने वाली मोनालिसा पिछले साल कुंभ में रुद्राक्ष बेचते हुए अपने एक वीडियो के कारण मशहूर हुई थीं।
