इंद्रावती नदी पर बैराज की स्वीकृति पर जगदलपुर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

रायपुर। मुख्यमंत्री वि से मंगलवार को विधानसभा भवन स्थित उनके कार्यालय में जगदलपुर नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। महापौर संजय पांडेय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने इंद्रावती नदी पर नए बैराज निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इंद्रावती नदी पर प्रस्तावित बैराज बनने से जगदलपुर शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को काफी मजबूती मिलेगी। इससे शहरवासियों को लंबे समय से बनी पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार बस्तर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे किसानों को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और धीरे-धीरे शांति स्थापित हो रही है, जिससे विकास कार्यों को गति मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए भी लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में मटनार और देऊरगांव सिंचाई परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि पानी की बर्बादी कम करने और किसानों तक बेहतर ढंग से पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि राज्य के बजट में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से इंद्रावती नदी के महादेव घाट पर बैराज निर्माण की घोषणा की गई है। इस अवसर पर नगर निगम सभापति खेम सिंह देवांगन, निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, योगेंद्र पाण्डेय, राणा घोष सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।





