तेज हवा और बारिश से बदलेगा देश का मौसम, राज्यों में IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल चुका है। रात से ही बारिश हो रही है, जिसके कारण ठंड में बढ़ोतरी हो गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हो सकती है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश और तूफान की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में बारिश की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई थी। 20 फरवरी को भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, गुरुवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कुछ जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इसमें अवध और तराई क्षेत्र के गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बाराबंकी, और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा शामिल हैं।
हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना
20 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। स्काईमेट के अनुसार, तापमान में बढ़ोतरी के बाद फिर से गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड का असर बना रहेगा। जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड के बीच बर्फबारी जारी है और श्रीनगर में डल झील के पास सैलानी बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। मौसम विभाग ने 20 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, हालांकि 21 फरवरी से मौसम में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
हरियाणा, पंजाब और बिहार में ये संभावना
हरियाणा और पंजाब में 20 से 21 फरवरी के बीच बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हरियाणा के सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार में 23 फरवरी से 16 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। सुपौल, अररिया, मधेपुरा, किशनगंज, कटिहार समेत कई इलाकों में आकाशीय बिजली और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।