रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) सीजन-3 में गुरुवार को ऐसा रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसे टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा टर्न-अराउंड माना जा रहा है। बस्तर बाइसंस और बिलासपुर बुल्स के बीच खेले गए मैच में जीत की दहलीज पर खड़ी बस्तर की टीम ने आखिरी 11 गेंदों में 7 विकेट गंवाकर मैच हाथ से निकाल दिया।
मुकाबले में बस्तर बाइसंस को अंतिम दो ओवर में जीत के लिए सिर्फ 25 रन की जरूरत थी। टीम का स्कोर 203 रन पर 3 विकेट था और उसके हाथ में सात विकेट शेष थे। ऐसे में बस्तर की जीत लगभग तय मानी जा रही थी। लेकिन क्रिकेट के मैदान पर अगले कुछ मिनटों में जो हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया।
बिलासपुर बुल्स के गेंदबाज वरुण सिंह ने 19वें ओवर में घातक गेंदबाजी करते हुए लगातार चार गेंदों पर चार विकेट झटक लिए। उनकी इस हैरतअंगेज गेंदबाजी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया। अचानक दबाव में आई बस्तर बाइसंस की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और विकेटों का पतन शुरू हो गया।
एक समय 203/3 के मजबूत स्कोर पर खड़ी टीम देखते ही देखते 205 रन पर ऑलआउट हो गई। यानी बस्तर ने मात्र 2 रन जोड़ने के दौरान अपने बाकी सभी 7 विकेट गंवा दिए। इस तरह जीत की ओर बढ़ रही टीम को अविश्वसनीय हार का सामना करना पड़ा।
इस मुकाबले ने दर्शकों को आखिरी गेंद तक रोमांचित रखा। वरुण सिंह भुईये की लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने की उपलब्धि अब CCPL इतिहास के सबसे यादगार प्रदर्शनों में शामिल हो गई है। वहीं बिलासपुर बुल्स ने असंभव लग रही स्थिति से वापसी कर टूर्नामेंट की सबसे चर्चित जीत दर्ज की।
