ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महिलाओं के मोबाइल में बजी खुशियों की घंटी: महतारी वंदन की 26वीं किस्त जारी, 68.48 लाख खातों में पहुंचे 641.62 करोड़

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत सोमवार को 26वीं किस्त जारी होते ही प्रदेशभर की लाखों महिलाओं के मोबाइल में खुशियों की घंटी बज उठी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जारी इस किस्त के तहत 68 लाख 48 हजार 899 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में कुल 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए।

इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी सामाजिक स्थिति को मजबूत करना है। लाभान्वित महिलाओं में 7,773 महिलाएं नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों की भी शामिल हैं। सरकार द्वारा मार्च 2024 में शुरू की गई इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए की सहायता राशि दी जा रही है।

अब तक 16 हजार करोड़ से ज्यादा की सहायता
महतारी वंदन योजना के जरिए अब तक महिलाओं को 16,881 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। यह योजना प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बनकर उभरी है और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।

ई-केवाईसी जरूरी, 30 जून तक मौका
सरकार ने हितग्राही महिलाओं के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को अनिवार्य किया है। यह अभियान 3 अप्रैल से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलेगा। ई-गवर्नेंस सर्विसेस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से यह प्रक्रिया संचालित की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत भवन और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में वीएलई के जरिए केवाईसी अपडेट किया जा रहा है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपील की है कि जिन महिलाओं का ई-केवाईसी लंबित है, वे जल्द इसे पूरा कराएं, ताकि भविष्य में किस्त मिलने में कोई बाधा न आए।

68.94 लाख पंजीकृत, 68.48 लाख को भुगतान
विभागीय आंकड़ों के अनुसार योजना में कुल 68 लाख 94 हजार 633 महिलाएं पंजीकृत हैं। इनमें से केवाईसी लंबित मामलों को छोड़कर 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं को 26वीं किस्त का लाभ दिया गया है।

Related Articles

Back to top button