बस्तर में स्वास्थ्य क्रांति की शुरुआत: सुकमा में ‘अटल आरोग्य लैब’ का राज्यस्तरीय शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिला चिकित्सालय में ‘अटल आरोग्य लैब’ का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया। इस पहल को दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, किफायती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। ‘अटल आरोग्य लैब’ के माध्यम से प्रदेश के 1046 स्वास्थ्य संस्थानों—जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक—मुफ्त जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अत्याधुनिक डिजिटल व्यवस्था के जरिए मरीजों को 133 प्रकार की जांचें निःशुल्क मिलेंगी और रिपोर्ट एसएमएस व व्हाट्सऐप के माध्यम से सीधे उनके मोबाइल पर पहुंचेगी।
इस सुविधा से मरीजों को बार-बार अस्पताल आने की जरूरत नहीं होगी और इलाज की प्रक्रिया तेज होगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और सुगमता भी बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे रक्त जांच सहित कई बीमारियों की पहचान समय पर संभव होगी, जिससे मरीजों के उपचार और रिकवरी दर में सुधार आएगा।
विशेष रूप से बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह की आधुनिक सुविधा से लोगों को अब बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सुकमा जिला अस्पताल में पहले से उपलब्ध ब्लड बैंक, एक्स-रे, ईसीजी, सोनोग्राफी, डायलिसिस और आपातकालीन सेवाओं के साथ अब यह लैब जुड़ने से स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, सांसद महेश कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





