रायपुर। मास्टर्स हॉकी कप 2026 में छत्तीसगढ़ की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। टीम ने लगातार दो मुकाबलों में दमदार जीत दर्ज कर अपने खेल और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने हिमाचल प्रदेश को 6-0 से हराया, जबकि रोमांचक सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को 2-1 से मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और मुकाबले को एकतरफा बना दिया। छत्तीसगढ़ की ओर से दीपिका, ललिता, अंकिता, बबली, योजना और रुचि ने एक-एक गोल किया। टीम ने हिमाचल प्रदेश को कोई मौका नहीं दिया और 6-0 की शानदार जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल में महाराष्ट्र से कड़ा मुकाबला
इसके बाद खेले गए सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ का सामना महाराष्ट्र से हुआ। दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला। छत्तीसगढ़ की खिलाड़ियों ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और शानदार तालमेल के साथ खेलते हुए 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से दीपिका और ललिता ने एक-एक गोल किया।
अब खिताब पर नजर
लगातार दो जीत के बाद छत्तीसगढ़ की टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया है। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल टीम की सफलता में अहम रहा है। अब टीम की नजर मास्टर्स हॉकी कप 2026 की ट्रॉफी पर है। प्रदेश के खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां फाइनल में भी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए खिताब अपने नाम करेंगी।
टीम में शामिल खिलाड़ी
छत्तीसगढ़ की टीम में मोनिका वैरागड़े, दीपिका वैरागड़े, सविता चंद्राकर, शोभा वार्टी, सुरेखा यादव, ललिता, सुरभि मरकाम, आरती सेढे, अंकिता पांडे, योजना, रुचि, बबली कुमारी, हेमलता और सुमन शामिल हैं। टीम की सफलता ने प्रदेश की महिला हॉकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
