10 फरवरी तक बढ़ाई जाए धान खरीदी की अंतिम तारीख : आम आदमी पार्टी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे धान खरीदी अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है।
छत्तीसगढ़ आप किसान मोर्चा ने कहा है कि बड़ी संख्या में किसानों को अब तक टोकन नहीं मिल पाए हैं, जिससे वे अपना धान बेचने से वंचित रह गए हैं। ऐसे में सरकार को 31 जनवरी को समाप्त हो रही धान खरीदी की अवधि को बढ़ाकर कम से कम 10 फरवरी तक करना चाहिए।
रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में आप किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तारेंद्र चंद्राकर ने कहा कि राज्य सरकार के अव्यवस्थित सिस्टम के कारण किसान परेशान हैं। कई किसानों को टोकन जारी नहीं हो सका, जबकि कई जगहों पर तकनीकी खामियों के चलते धान खरीदी बाधित हुई है। उन्होंने कहा कि यदि अंतिम तारीख नहीं बढ़ाई गई तो हजारों किसान अपने हक का समर्थन मूल्य पाने से वंचित रह जाएंगे।
जिला सहकारी बैंकों की अनिवार्यता खत्म करने की मांग
प्रेसवार्ता में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने जिला सहकारी बैंकों की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को भुगतान किसी भी राष्ट्रीयकृत या निजी बैंक के माध्यम से कर सकती है। वर्तमान में किसानों को मिलने वाली 25 हजार रुपये की राशि भी किस्तों में दी जा रही है, जिससे उन्हें अपनी जरूरतों के लिए समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा। उन्होंने इस किस्त प्रणाली को समाप्त करने की मांग की।
खरीदी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी
प्रदेश संगठन मंत्री ने बताया कि कई धान खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पानी, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने सरकार से सभी केंद्रों पर ये सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही अधिक से अधिक किसानों को एटीएम कार्ड देने की बात कही, ताकि वे एक दिन में कम से कम 40 हजार रुपये की निकासी कर सकें।
5 फरवरी को उग्र आंदोलन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने किसानों की इन मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो पार्टी 5 फरवरी को प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।





