असम में थाडू नेता की हत्या, मणिपुर में पत्रकार को गोली; 6 उग्रवादी गिरफ्तार

दिल्ली। असम और मणिपुर से जुड़े घटनाक्रमों ने एक बार फिर पूर्वोत्तर में अस्थिरता को उजागर किया है। असम के कार्बी आंगलोंग जिले में उग्रवादियों ने थाडू समुदाय के नेता और थाडू लिटरेचर सोसायटी के अध्यक्ष नेहकाम जोम्हाओ की हत्या कर दी।
शनिवार शाम करीब 7.30 बजे मांजा इलाके के चोंगहांग वेंग स्थित आवास से उनका अपहरण किया गया और बाद में उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक संजीब सैकिया के अनुसार, छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और उन्होंने अपराध स्वीकार भी किया है। थाडू छात्र संघ ने इसे नृशंस हत्या बताते हुए कहा कि जोम्हाओ को शांति वार्ता में शामिल होने के कारण निशाना बनाया गया।
जोम्हाओ हाल ही में 6 अगस्त को इंफाल में हुई ऐतिहासिक शांति बैठक का हिस्सा बने थे, जहां थाडू समुदाय ने पहली बार मैतेयी संगठनों के साथ बातचीत की थी। इस कदम को समुदाय के भीतर साहसिक निर्णय माना गया था।
इसी बीच मणिपुर के सेनापति जिले में एक और घटना में टीवी पत्रकार दीप सैकिया को फूलों के त्योहार की कवरेज के दौरान गोली मार दी गई। उन्हें तीन गोलियां लगीं और फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
इसके साथ ही मणिपुर में उग्रवाद के खिलाफ अभियान भी जारी है। तेंगनौपाल जिले में म्यांमार सीमा के पास प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के चार कैडरों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, इंफाल पश्चिम जिले से सोशलिस्ट रिवोल्यूशनरी पार्टी का एक सदस्य पकड़ा गया। इसके अलावा, मिजोरम के चम्फाई जिले से असम राइफल्स ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया।