StateNewsदेश - विदेश

राजस्थान-MP में पारा 33°C के पार, हरियाणा में बूंदाबांदी के आसार; हिमाचल में बदला मौसम, अटल टनल के पास बर्फबारी

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम के तेवर तेजी से बदल रहे हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में फरवरी के महीने में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस की जा रही है।

गुरुवार को दोनों राज्यों के कई शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। राजस्थान के बाड़मेर में सबसे अधिक 36.5°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि मध्य प्रदेश के खंडवा और खरगोन में पारा 35.2°C तक पहुंच गया।

हरियाणा में भी गर्मी का असर बढ़ता नजर आ रहा है। यहां अधिकतम तापमान 31°C के पार चला गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने शुक्रवार से राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

उधर, पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बिल्कुल उलट नजर आया। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार शाम अचानक बर्फबारी हुई।

रोहतांग दर्रे के पास स्थित अटल टनल क्षेत्र में बर्फबारी के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। प्रशासन ने यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी धुंध और तेज हवाओं के साथ कुछ क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

अगले दो दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 1 मार्च को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, 2 से 4 मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम के इस तेजी से बदलते मिजाज ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर सड़क यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button