StateNewsदेश - विदेश

कश्मीर में शून्य से नीचे पहुंचा तापमान: श्रीनगर में -2.6°C रिकॉर्ड, हिमाचल में -4.2°C; इंडिगो की 13 उड़ानें रद्द

दिल्ली। देश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ठंड ने एक बार फिर अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है और कई क्षेत्रों में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में शनिवार को न्यूनतम तापमान -2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान सोनमर्ग रहा, जहां तापमान -5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

हिमाचल प्रदेश में भी सर्दी अपने चरम पर है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मैदानी और निचले इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण शनिवार को इंडिगो एयरलाइन की देशभर में 57 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें चंडीगढ़, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, हैदराबाद, अमृतसर, बेंगलुरु, कोलकाता, चेन्नई, जयपुर, पुणे और गया जैसे प्रमुख एयरपोर्ट शामिल रहे।

रविवार को भी इंडिगो की 13 उड़ानें रद्द की गई हैं। DGCA ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक की अवधि को ‘फॉग विंडो’ घोषित किया है, जिसके तहत घने कोहरे की वजह से उड़ानों के संचालन पर असर पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित 23 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

अगले तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा, यूपी, राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कोहरे का असर बना रहने की संभावना है, जबकि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में तेज सर्दी और कोल्ड वेव का प्रभाव जारी रहेगा।

31 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button