StateNewsदेश - विदेश

गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के 14 शहरों में तापमान 40 डिग्री पार: इंदौर हवाई अड्डे के रनवे का डामर पिघला, जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

दिल्ली। दिल्ली। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी का असर दिखाई देने लगा है। गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के कम से कम 14 शहरों में सोमवार को तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इनमें राजकोट, सुरेंद्रनगर, कांडला, अहमदाबाद, डीसा, केशोड, गांधीनगर, सूरत, अमरेली, अकोला, वडोदरा, भुज और बाड़मेर जैसे शहर शामिल हैं। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 5 से 12 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया।

तेज गर्मी का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिला। देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट के रनवे पर अधिक गर्मी के कारण डामर पिघल गया, जिसके चलते दो विमानों को भोपाल की ओर मोड़ना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं तथा साफ आसमान के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। तेज सौर विकिरण के कारण जमीन जल्दी गर्म हो रही है, जिससे अगले दो-तीन दिनों में पारा और बढ़ने की संभावना है।

इस बीच देश के पूर्वोत्तर और दक्षिणी हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और केरल में बारिश का अलर्ट जारी किया है। नगालैंड के कोहिमा और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को करीब 40 मिनट तक बारिश और ओलावृष्टि हुई।

मौसम विभाग के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से 13 से 15 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इससे उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी में पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय रहने, बारिश कम होने और एंटी-साइक्लोनिक परिसंचरण बनने के कारण देश के कई हिस्सों में असामान्य गर्मी देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button