तीन दिन बढ़ेगा तापमान, फिर लौटेगी ठंड: सरगुजा-बिलासपुर में शीतलहर अलर्ट

अंबिकापुर में रात का पारा 9°C; गर्म कपड़ों की दुकानों में बढ़ी भीड़
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से ठंड में मामूली कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।
लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि तीन दिन बाद ठंड फिर से तेज होगी और कई हिस्सों में तापमान गिरने के आसार हैं। सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में सुबह-शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है और हाइपोथर्मिया का खतरा भी बढ़ सकता है।
मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा। हालांकि वहां न्यूनतम तापमान 10°C से बढ़कर 13.6°C हो गया है। रायपुर में भी तापमान 13°C से बढ़कर लगभग 16°C तक पहुंच गया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 31.2°C रायपुर और न्यूनतम 9.9°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। चार दिन पहले अंबिकापुर का पारा 6°C तक पहुंच गया था, जो दशक में नवंबर का सबसे न्यूनतम तापमान था।
रायगढ़ में ठंड बढ़ने के बाद नगर निगम ने 9 जगहों पर अलाव की व्यवस्था की है, जिसमें मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक शामिल हैं। ग्रामीण इलाकों लैलूंगा, कापू, छाल और धरमजयगढ़ में शाम ढलते ही लोग घरों में दुबकते नजर आ रहे हैं। बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ गई है।
मौसम विभाग के पुराने रिकॉर्ड बताते हैं कि नवंबर में प्रदेश का मौसम हमेशा उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 1935 में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 35.6°C, जबकि 1883 में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3°C दर्ज किया गया था। वहीं 1924 में नवंबर में सबसे ज्यादा 138.2 मिमी वर्षा और 1930 में 70.4 मिमी एकदिनीय बारिश का रिकॉर्ड बना था।



