तोतों की तस्करी रोकने गई टीम पर हमला: रेंजर को खंभे से बांधकर पीटा, कई गंभीर धाराओं में FIR

जगदलपुर। जगदलपुर में तोतों की अवैध बिक्री रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। नवजात तोता बच्चों की बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची फ्लाइंग स्क्वॉड टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। इस हमले में रेंजर को खंभे से बांधकर पीटने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर में अवैध रूप से नवजात तोता बच्चों की खरीद-फरोख्त की सूचना वन विभाग को मिली थी। शिकायत के आधार पर फ्लाइंग स्क्वॉड प्रभारी अक्षय कश्यप अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने वहां कार्रवाई शुरू की तो कुछ लोग भड़क गए और विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि मौके पर मौजूद तोता बेचने वाले व्यक्ति और उसके साथियों ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान फ्लाइंग स्क्वॉड प्रभारी अक्षय कश्यप और एक रेंजर के साथ मारपीट की गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपियों ने रेंजर को खंभे से बांध दिया और बेरहमी से पीटा। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय कर्मचारी से मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर धारा 296, 351, 3, 121, 132, 221 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध वन्यजीव व्यापार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध वन्यजीव तस्करी पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



