StateNewsदेश - विदेश

2022 के बाद बदली टीम इंडिया की सोच: लगातार चौथा ICC फाइनल, दो खिताब जीतकर टी-20 में बनी सबसे सफल टीम

दिल्ली। नवंबर 2022 में टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली करारी हार के बाद भारतीय टीम ने अपनी रणनीति पूरी तरह बदल दी। उस मैच में 169 रन का लक्ष्य इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए ही हासिल कर लिया था। इसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने टीम की अप्रोच बदलने का फैसला किया और आक्रामक क्रिकेट खेलने पर जोर दिया।

इसके बाद भारतीय टीम ने शुरुआती ओवरों में तेज रन बनाने की रणनीति अपनाई। पहले जहां बल्लेबाज पावरप्ले में विकेट बचाने की कोशिश करते थे, वहीं अब तेज शुरुआत को प्राथमिकता दी जाने लगी। रोहित शर्मा ने खुद ओपनिंग में आक्रामक बल्लेबाजी की जिम्मेदारी ली, जिससे मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों को खेल संभालने का समय मिल सके।

नई रणनीति का असर जल्द ही दिखने लगा। टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई। हालांकि खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम का आक्रामक अंदाज कायम रहा। इसके बाद टीम प्रबंधन ने बल्लेबाजी के साथ-साथ ऑलराउंडर्स पर भी ज्यादा भरोसा जताया।

हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ियों को टीम की रणनीति में अहम भूमिका दी गई। इस संतुलन का फायदा टीम को टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में मिला, जहां भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 साल बाद टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को करीबी मुकाबले में हराया।

टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी टीम का प्रदर्शन जारी रहा और भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी भी जीत ली। पिछले साढ़े तीन साल में खेले गए चार आईसीसी टूर्नामेंट में टीम इंडिया लगातार फाइनल तक पहुंची और दो खिताब अपने नाम किए। आक्रामक बल्लेबाजी, मजबूत ऑलराउंडर्स और संतुलित गेंदबाजी के दम पर भारत आज टी-20 क्रिकेट की सबसे सफल टीम बनकर उभरा है।

Related Articles

Back to top button