टीम इंडिया बनी चैंपियन, न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, CM साय ने दी बधाई

दिल्ली। भारतीय स्पिनर्स की शानदार गेंदबाजी और रोहित शर्मा की कप्तानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए सबसे ज्यादा चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम बन गई। अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के नाम 2-2 खिताब थे।
इसके अलावा, टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड से 25 साल पुरानी हार का भी बदला लिया। 2000 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया था। भारत ने आखिरी बार 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, और अब रोहित शर्मा ने 12 साल का सूखा खत्म कर दिया है।
दुबई में खेले गए फाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 251 रन बनाए। जवाब में भारत ने 49 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाकर जीत हासिल की।
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही, जहां रचिन रवींद्र और विल यंग के बीच 57 रन की साझेदारी हुई। हालांकि, भारत के स्पिनर्स ने कीवी टीम के विकेट नियमित अंतराल पर चटकाए। कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लेकर भारत की गेंदबाजी को मजबूत किया।
भारत की ओर से रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 105 रनों की शानदार साझेदारी की। हालांकि, रोहित शर्मा 76 रन बनाकर स्टंपिंग हो गए। श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने 61 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुँचाया। अंत में, हार्दिक पांड्या की 18 रन की पारी ने टीम इंडिया को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया। सीएम साय ने टीम इंडिया को बधाई दी।