ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कार में छात्रा संग आपत्तिजनक हालत में मिला शिक्षक, VIDEO वायरल; DEO ने हटाया, जांच शुरू

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक शिक्षक और कॉलेज छात्रा से जुड़ा मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। बतौली थाना क्षेत्र में एक स्कूल शिक्षक छात्रा के साथ कार में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को स्कूल से हटा दिया है।

जानकारी के मुताबिक, बतौली स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ संविदा शिक्षक सुरेश जायसवाल 20 अप्रैल की रात छात्रा के साथ सरमना के लंकाडांड जंगल किनारे खड़ी कार में मौजूद था। देर रात संदिग्ध स्थिति में खड़ी कार देखकर स्थानीय युवक वहां पहुंचे। कार की जांच करने पर दोनों को आपत्तिजनक हालत में पाया गया। इस दौरान युवकों ने उनका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक छात्रा को कार से बाहर आने और चेहरा दिखाने के लिए दबाव बना रहे हैं, जबकि छात्रा लगातार विरोध करती नजर आ रही है। वहीं, शिक्षक वीडियो न बनाने की गुजारिश करता दिख रहा है और मामला दबाने के लिए पैसे देने की बात भी करता दिखाई देता है।

मामले ने तूल पकड़ा तो भाजपा नेताओं ने इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) से की। शिकायत के बाद DEO दिनेश झा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिक्षक को स्कूल से हटाकर उदयपुर बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है।

जांच टीम में बीईओ बतौली, सीतापुर बीईओ और एक प्राचार्य को शामिल किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button