नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक निलंबित,कलेक्टर ने शिकायत मिलने पर लिया एक्शन

मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्राथमिक शाला बाला, विकासखंड मनेंद्रगढ़ में पदस्थ प्रधानपाठक पारस राम वर्मा और सहायक शिक्षक मेहीलाल सिंह को ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर की गई। जानकारी के अनुसार, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें दोनों शिक्षक शराब के नशे में पाए गए। मौके पर ही पंचनामा तैयार कर दोनों के बयान दर्ज किए गए, जहां उन्होंने शराब सेवन की बात स्वीकार की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों शिक्षकों को सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में भी शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरी जांच रिपोर्ट कलेक्टर कार्यालय को सौंपी गई।
जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 और 23 के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि शासकीय सेवा में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में इस तरह के मामलों पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता बनी रहे।





