बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर कथित तंत्र साधना का मामला सामने आया है। ग्राम देवरी के मुक्तिधाम में शुक्रवार रात चार युवक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत तीन लोगों की तस्वीरें रखकर पूजा-पाठ कर रहे थे।
ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर युवकों को पकड़ने की कोशिश की। तीन युवक भाग निकले, जबकि एक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला सीपत थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। श्मशान घाट की जांच के दौरान वहां मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री मिली। घटनास्थल से तस्वीरें भी बरामद की गई हैं। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने पूछा- जज को मारना चाहते हो?
वायरल वीडियो में पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती नजर आ रही है। पुलिसकर्मी ने उससे पूछा कि ‘जज को ही मारना चाहते हो क्या?’ इस पर युवक ने जवाब दिया कि वह पढ़ा-लिखा है और इस तरह का काम नहीं करता। पुलिस युवक से पूरे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
रिश्तेदार की जमानत के लिए तंत्र साधना का दावा
प्रारंभिक पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार, निवासी राजकिशोर नगर बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश का एक रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगी है।
बताया जा रहा है कि ऋषिकेश सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। तांत्रिक ने कथित तौर पर श्मशान में तंत्र क्रिया करने से रिश्तेदार को जमानत मिलने की बात कही थी। इसके बाद चार युवक देवरी के मुक्तिधाम पहुंचे थे।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि तस्वीरें किन लोगों की थीं और तंत्र साधना के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था। पुलिस फरार तीन युवकों की भी तलाश कर रही है। मामले में बरामद सामग्री और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।
